ललिता कापड़ी, हल्द्वानी
हम जब भी किसी हेल्थ इंश्योरेंस, लाइफ़ इंश्योरेंस या फ़िर कोई भी छोटा बड़ा इन्वेस्टमेंट करते हैं तो कई बार उसकी जाँच पड़ताल करते हैं। इनमें से कुछ इन्वेस्टमेंट ऐसे होते हैं जिसके फायदे जीवन के साथ भी और जीवन के बाद भी रहते हैं। कुछ इन्वेस्टमेंट ऐसे होते हैं जिनका प्रयोग आप अपनी आवश्यकता अनुसार समय- समय पर करते हैं,कुछ इन्वेस्टमेंट ऐसे होते हैं जो मुसीबत के समय काम आ जाते हैं और कुछ इन्वेस्टमेंट ऐसे भी होते हैं जो एक समय के बाद हर रोज़ आपके सुख दुःख का हिस्सा बन जाते हैं।
कितनी खुशी होती न जब आपका इन्वेस्टमेंट आपको अच्छा रिटर्न दे रहा होता है। क्योंकि इन सभी की किश्तों को आपने अपनी मेहनत से अर्जित की जाने वाली आय से चुकाया होता है।

अच्छा क्या हो जब आपको यह पता चले कि जो इनवेस्टमेंट आप करने जा रहे हैं वो सिर्फ़ तब काम आएगा जब आप पर कोई मुसीबत आएगी वो भी तब जब आप उसके नियमों के अंतर्गत आते हैं। क्या तब आप इस तरह का इनवेस्टमेंट करेंगे? शायद हां! और शायद नहीं भी। क्योंकि कुछ लोग इसीलिए ऐसा इन्वेस्टमेंट करते हैं जब उन पर कोई मुसीबत आ जाए तो कम से कम उनका परिवार सेफ रहे। कुछ लोग ऐसा इन्वेस्टमेंट इसलिए नहीं करते क्योंकि उन्हें लगता है कि क्यों जबरदस्ती मैं मुसीबत की कल्पना करूं? लेकिन कुछ लोगों का इनवेस्टमेंट ऐसा होता है जो अपने इनवेस्टमेंट को रोज़ इंजॉय करते हैं। शायद सबसे राइट इनवेस्टमेंट यही है।
रिश्ते भी ऐसे ही हैं कुछ मुसीबत के समय के लिए तैयार करते हैं,कुछ जरूरत के हिसाब से प्रयोग करने के लिए। कुछ इसीलिए कि आपकी गैरमौजूदगी में आपके परिवार को संभालेंगे। लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिन पर हम हर दिन अपना समय और भावनाएं इन्वेस्ट करते हैं हर दिन वह रिटर्न देते हैं। ऐसे हर दिन आपको सुरक्षित, महत्वपूर्ण होने का एहसास करा रहे होते हैं, आपके सुख दुःख में आपके साथ खड़े होते हैं। हर पल को खुशनुमा बनाने का प्रयास कर रहे होते हैं। वह उस पल का इंतज़ार नहीं करते कि जब आप पर मुसीबत आएगी तब आपके साथ खड़े होंगे। वह आपके साथ इसलिए खड़े हैं क्योंकि आप उनके लिए महत्वपूर्ण हैं।
यदि किसी ऐसे रिश्ते पर आप अपनी भावनाएं और समय इन्वेस्ट करे रहे हैं तो यह आपका राइट इनवेस्टमेंट है।
सही इनवेस्टमेंट ही खुशियों का खज़ाना है, कल क्या होगा यह किसने जाना है।


























