मां के बाल स्वरूप के दर्शन से श्रद्धालु हुए भावविभोर

हल्द्वानी । हरिनगर वार्ड 42 स्थित शिव शक्ति मंदिर में नवरात्र का पर्व इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में मां दुर्गा के नौ बाल रूपों की विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
नवरात्र केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था और भावनाओं का प्रतीक है और यही भाव यहां जीवंत रूप में देखने को मिला। कॉलोनी की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। नौ बाल कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया, कार्यक्रम की शुरुआत पंडित ललित किशोर पांडे द्वारा गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद दुर्गा पाठ और आरती का आयोजन किया गया। इसके पश्चात कन्या पूजन हुआ, जिसमें बालिकाओं को भोजन कराकर मिष्ठान खिलाए गए और उनका आशीर्वाद लिया गया।

महिला कीर्तन मंडली ने मां दुर्गा के नौ रूपों पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति में सराबोर कर दिया। श्रद्धालु देर शाम तक भजनों के आध्यात्मिक भव सागर में डूबते उतरते रहे।अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष दीप पंत, नंदन असवाल, कुंदन सिंह चौहान सहित समिति के अन्य पदाधिकारी व बड़ी संख्या में मातृशक्ति जिस में जानकी बोरा, माधवी रावत, उमा जीना, दीपा रावत, , हेमा जोशी, पुष्पा जोशी, भावना ध्यानी, भावना चौहान, हेमा पंत, कल्पना जीना, कमला भट्ट, मीना राठौर, हेमा राठौर, नीरू जोशी शामिल थी।


























