राममय और देवीमयी हुई काव्य-गोष्ठी
देहरादून। ‘संपर्क संस्थान’ के माननीय अध्यक्ष अनिल लड्डा और समन्वय महासचिव रेनू शब्द मुखर की गरिमामयी सहमति और उनके प्रेरक दिशा निर्देशों के अनुपालन में, 27 मार्च 2026 की सांध्यबेला में उत्तराखंड इकाई द्वारा देहरादून के ऊर्जावान नवोदित रचनाकारों के साथ एक अत्यंत सूक्ष्म किंतु आत्मीय काव्य-गोष्ठी संपन्न हुई। रामनवमी के उपलक्ष्य में संपर्क संस्थान की सहसचिव शशि कुड़ियाल द्वारा आयोजित इस काव्य संध्या का मुख्य आकर्षण प्रभु श्री राम के आदर्शों और उनके जीवन दर्शन पर आधारित काव्य-प्रस्तुतियां और देवी की स्तुतियां रहीं।
जिसमें रेणुका खंडूड़ी, गीता जुयाल, नीतू डिमरी , ऐश्वर्या खंडूड़ी आदि नवोदित रचनाकारों ने अपनी अपनी भावांजलि को सुर दिए। सभी नवोदित रचनाकारों को सुनना बेहद सुखद और भावपूर्ण रहा।

‘संपर्क संस्थान’ का ध्येय सदैव उन ‘मौन स्वरों’ को मुखर करना रहा है जो अपनी प्रतिभा के साथ एक उचित मंच की प्रतीक्षा में हैं। संपर्क संस्थान का अटूट विश्वास है कि यदि हर छुपी हुई प्रतिभा को अभिव्यक्ति का आकाश मिले, तो वह अपनी रचनाधर्मिता से संसार को आलोकित कर सकती है।
“शब्दों के दीप जलाकर अब नया उजाला करना है
हर छुपी हुई प्रतिभा को अब जग से सांझा करना है”



























