आधुनिक समाज में इंसान लगातार अपने वास्तविक रूप से दूर होकर अपने ही गढ़े हुए किरदार में जीने लगा है। उसकी पहचान अब वास्तविक नहीं रही, बल्कि वैसी बनती जा रही है जैसी उसकी यादें, उसकी महत्वाकांक्षाएं और दूसरों की अपेक्षाएं चाहती हैं। वह इसी उलझन में फंसा रहता है कि ऊंचाइयां हासिल करने के लिए उसे अब क्या बनना चाहिए, कैसे बोलना चाहिए, कैसे दिखना चाहिए। इसी खींचतान में स्वाभाविकता खो जाती है और जीवन अभिनय में बदल जाता है। कॉरपोरेट जगत से लेकर सोशल मीडिया तक हालात के मुताबिक चेहरे बदलते रहते हैं और राजनीतिक शुद्धता केवल एक मानक नहीं, बल्कि सावधानी से पहना गया मुखौटा भर बन गई है। दीर्घकाल में यह बनावटीपन गहरे मनोवैज्ञानिक और नैतिक संकट पैदा करता है। लगातार खुद को संवारते रहने, अपनी बातों और फैसलों को “कैसा दिखेगा” की कसौटी पर कसने से लोग भीतर ही भीतर थक जाते हैं और उनकी निर्णय लेने की क्षमता केवल छवि की चिंता में डूबे रहने से कमजोर पड़ जाती है। ‘अनबीकमिंग’ स्वयं को गढ़ते रहने से उपजी इस थकान से बाहर निकलकर भीतर लौटने की परिवर्तनकारी यात्रा है—अपने भीतर, अपनी आत्मा से दोबारा जुड़ने और जीवन के वास्तविक उद्देश्य को पहचानने की यात्रा। यह हमें प्रेरित करती है कि हम वर्तमान को अतीत की आसक्तियों, संस्कारों, भय, पक्षपात और पूर्वाग्रहों के चश्मे से देखने की आदत छोड़ें। सच्ची प्रामाणिकता कभी शोर नहीं मचाती। वह शांत होती है, निरंतर होती है और प्रायः असुविधाजनक भी। हम जो सचमुच बनना चाहते हैं, उसके लिए जरूरी है कि हम अपने असली ‘स्व’ को बिना किसी पूर्वधारणा और भविष्य के कल्पित नतीजों के सहारे अपनाएं। परिणाम की चिंता छोड़ दें—खुद ही परिणाम बन जाएं। ‘बनने’ की कला का अर्थ है अपने इच्छित स्वरूप को पूरी ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ जीना। हमारा उद्देश्य अपने सर्वोत्तम रूप को जीना होना चाहिए, न कि केवल उसका प्रयास। अक्सर हम भूल जाते हैं कि अपने भीतर की निरंतरता से जुड़े रहना कितना आवश्यक है। हमारी आंतरिक अवस्था इस बात को गहराई से प्रभावित करती है कि दुनिया हमें कैसे प्रत्युत्तर देती है। जब हम अपने उस प्रामाणिक केंद्र से कट जाते हैं, या उस स्व से दूर हो जाते हैं जिसे हम जीना चाहते हैं, तो भीतर बिखराव शुरू हो जाता है। संदेह, भय और असुरक्षा इसलिए उभरते हैं क्योंकि वांछित परिणाम हमारी वास्तविकता से अलग लगने लगता है। बाहरी स्वीकृति पर अत्यधिक ध्यान हमारे इच्छित स्व बनने की प्रक्रिया को कमजोर कर देता है। हम जो ऊर्जा बाहर भेजते हैं, वही लौटकर हमारे सामने आ जाती है। अनिश्चितता भीतर प्रतिरोध पैदा करती है और डर टकराव बढ़ाता है। इसके उलट, जब हम आस्था, स्पष्टता और समृद्धि-बोध के साथ कदम बढ़ाते हैं, तो बाहरी दुनिया भी खुलेपन, विश्वास और नए अवसरों के साथ जवाब देती है। हम जिस पहचानों को थामे रहते हैं, वह अधिकतम कुछ समय के लिए ही प्रामाणिक होती है। ‘स्व’ कोई स्थिर या स्थायी वस्तु नहीं है, वह हर नए क्षण के साथ बनता-बदलता रहता है। इस क्षणभंगुरता को पहचानते ही स्पष्ट हो जाता है कि बचाव के लिए कोई अडिग ‘मैं’ नहीं—बस एक जीवंत प्रक्रिया है, जिसे अनुभव और स्वीकार किया जाना है। इसी बोध में ‘अनबीकमिंग’ की मुक्तिदायी अनुभूति छिपी है। ‘अनबीकमिंग’ की प्रक्रिया की शुरुआत —“मैं सब जानता हूँ” जैसी निश्चितता छोड़ने की विनम्रता से होती है। परिचित ढांचे और विरासत में मिली सोच की पद्धतियां अक्सर हमें वर्तमान को साफ देखने से रोकते हैं। अपनी बुद्धि और अनुभव से ढले होने के कारण हम अनजाने में अपनी इच्छाएं, डर और अपेक्षाएं घटते हुए पलों पर थोप देते हैं। हम नियंत्रण को ही प्रज्ञा मान बैठते हैं, जबकि सच्ची प्रज्ञा यह जानने में है कि वर्तमान क्षण हमसे क्या मांग रहा है, न कि उसे अपनी इच्छा के मुताबिक मोड़ने में। नेतृत्व भी प्रामाणिकता की तरह रटे-रटाए जवाबों से नहीं, बल्कि बिना किसी पूर्वधारणा के हर क्षण का सामना करने के साहस से उपजता है। ऐसे समय में, जहां सार से ज्यादा दिखावे को और सच्ची उपस्थिति से ज्यादा प्रदर्शन को महत्व दिया जाता है, ‘अनबीकमिंग’ एक साहसी विकल्प बन जाता है। यह हमें स्थापित पहचानों को छोड़ने, उधार की पक्की मान्यताओं को त्यागने और उपस्थित सच की तात्कालिकता को अपनाने के लिए प्रेरित करता है। प्रतिस्पर्धा से भरी दुनिया में ‘बनने’ की दौड़ इस बात पर केंद्रित रहती है कि हम दूसरों की नजर में कैसे दिखाई दें, जबकि ‘अनबीकमिंग’ हमें उस प्रामाणिक स्रोत से जोड़ती है, जो भीतर कहीं सुप्त पड़ा है और भीतर झांकने पर ही पहचाना जा सकता है। यही ‘अनबीकमिंग’ हमारे भीतर छिपी असीम संभावनाओं तक पहुंच का रास्ता खोलती है—ऐसी संभावनाएं, जो वर्तमान क्षण की मांग के अनुसार कोई भी रूप ले सकती हैं। ‘बनने’ की धारणा से मुक्त होना ही ‘अनबीकमिंग’ का सार है।



























