Home Uncategorized संपर्क संस्थान उत्तराखंड इकाई द्वारा महिला दिवस पर ऑनलाइन काव्य गोष्ठी

संपर्क संस्थान उत्तराखंड इकाई द्वारा महिला दिवस पर ऑनलाइन काव्य गोष्ठी

36

अरुणा शाह, मीडिया प्रभारी (सम्पर्क संस्थान)(भीमताल,उत्तराखंड)

भीमताल। संपर्क संस्थान (उत्तराखंड इकाई) के तत्वावधान में 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ऑनलाइन काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ललिता कापड़ी द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता शशि कुड़ियाल (सहसचिव संपर्क संस्थान) ने की, इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में संपर्क संस्थान के अध्यक्ष अनिल लढ़ा ने विशेष भूमिका निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष अनिल लढ़ा के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ।
काव्य गोष्ठी में नारी शक्ति, नारी के अस्तित्व, पहचान, नारी सम्मान, नई पीढ़ी की नारी तथा सोशल मीडिया का नारी जीवन पर प्रभाव जैसे विषयों पर कवयित्रियों ने अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं तथा महिलाओं के सम्मान को हर दिन मनाने पर जोर दिया।
स्मिता साह (मानद सचिव संपर्क संस्थान) ने अपने शायराना अंदाज़ से सभी का मन मोह लिया और महिलाओं को स्वयं से प्रेम करने व अपने भीतर के बचपन को जीवित रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही शशि कुंड़ियाल ने अपनी रचना गृहिणियों को समर्पित करते हुए महिलाओं को सही मंच मिलने पर आगे बढ़ने की बात कही। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान के माध्यम से महिलाओं के बौद्धिक स्तर और व्यक्तित्व के विकास को नई दिशा मिलती है। ललिता कापड़ी ने अपनी कविता के माध्यम से स्त्रियों को अपने स्त्रीत्व को समझने और स्त्रियों द्वारा स्त्रियों को सम्मान देने का संदेश दिया। इस काव्य गोष्ठी में वंदना (वाणी),रेणुका खंडूरी, नीतू डिमरी, तुलसी बिष्ट (तनु), प्रतिभा पाण्डेय, लता पंत कवयित्रियों ने अपनी सुंदर और भावपूर्ण रचनाएँ प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन अरुणा शाह द्वारा किया गया। अंत में संस्थान अध्यक्ष अनिल लढ़ा एवं सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। यह काव्य गोष्ठी नारी सम्मान, संवेदना और साहित्यिक अभिव्यक्ति का एक प्रेरणादायी मंच सिद्ध हुई।