– सरकार को सरकार कहलाने के लिए जनहितैषी कार्य करने जरूरी : मधु सांगुडी
हल्द्वानी। “पेट्रोल-डीजल के दाम कम करो, महिला सुरक्षा कायम करो, दूध के बड़े दाम कम करो, चुनाव खत्म महंगाई शुरू” जैसे पोस्टरों को लेकर महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगुडी और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में हल्द्वानी मुखानी स्थित पेट्रोल पम्प पर जोरदार प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान दर्जनों महिलाओं ने कहा कि आज सरकार खुद को सरकार कहलाने जैसे कोई कार्य करती हुई नजर नहीं आ रही है। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि चुनाव खत्म होते ही महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और दूध के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार चुप है।
महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगुडी ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और महंगाई से घर चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की बातें तो सरकार करती है लेकिन ये महज सरकार की बातों में ही महिला सुरक्षा नजर आती है, धरातल पर सब उलटा नजर आता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द राहत नहीं दी गई तो महिला कांग्रेस सड़कों पर बड़ा आंदोलन करेगी।
इस दौरान महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगुडी, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष सविता गुरुरानी, समेत कई पदाधिकारी और तलक एथेसान, पार्षद भागीरथी बिष्ट, कनक जीना, रेनू तोमर, गीता बहुगुण समेत दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।



























