रामनगर को फाइनल में 3-0 से हराया, खुशबू फत्याल बनीं ‘बेस्ट प्लेयर’
हल्द्वानी। जिला प्रशासन नैनीताल एवं जिला खेल कार्यालय नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनपद स्तरीय अंडर-14 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच बुधवार को संपन्न हुआ। “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस, स्वच्छता एवं नशा-मुक्ति अभियान के तहत आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में हरीश पवार स्कूल बिंदुखत्ता, लालकुआं ने खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में हरीश पवार स्कूल बिंदुखत्ता ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रामनगर की टीम को 3-0 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मैचों में लालकुआं ने नैनीताल को 7-0 से और रामनगर ने कोटाबाग को 6-4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपा धर्मवाल और विशिष्ट अतिथि श्रीमती शीला लोशाली ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. निर्मला पंत ने मुख्य अतिथियों का शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, स्वस्थ रहने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। टूर्नामेंट की ‘बेस्ट प्लेयर’ का खिताब लालकुआं की खुशबू फतर्याल को दिया गया। मैचों में निर्णायक की भूमिका आनंद देव, गोपाल नेगी, उमेश रावत, सौरभ धपोला, योगेश मजूमदार, सिद्धार्थ रावत और देवाशीष ने निभाई। इस अवसर पर प्रतियोगिता के मार्गदर्शक किशोर पाल, पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी प्रेम थापा, भगवत मेरे, त्रिलोक जीना, सुरेश चंद पांडे, विनय जोशी, श्याम भट्ट, जितेंद्र बिष्ट, गोविंद लटवाल सहित जनपद के विभिन्न प्रशिक्षक एवं खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।































