Home उत्तराखंड डीडीहाट में कैलाश मानसरोवर यात्रियों को गुरूरानी ने दिलाई हिमालय बचाओ की...

डीडीहाट में कैलाश मानसरोवर यात्रियों को गुरूरानी ने दिलाई हिमालय बचाओ की शपथ

1041

754वें दिन पौधारोपण अभियान से जुड़े

पिथौरागढ़। पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के छठे दल का शनिवार को पर्यटक आवास गृह डीडीहाट में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कुमाऊँ मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें “हिमालय बचाओ अभियान” के तहत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अभियान के 754वें दिन के तहत यात्रियों को पौधारोपण से भी जोड़ा गया। दिनेश गुरुरानी ने पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी और होलीडे होम अल्मोड़ा परिसर में रोपण के लिए यात्रियों को पौधे भेंट किए।

यात्रियों ने अभियान की सराहना करते हुए बताया कि पूर्व में पर्यटक आवास गृह पिथौरागढ़ में उन्हें जो पौधे दिए गए थे, उन्हें उन्होंने गुंजी और कालापानी में रोपित किया है। साथ ही हिमालय को कूड़ा मुक्त रखने में भी सहयोग किया। यात्रियों ने कहा कि यात्रा पूरी करने के बाद वे अपने घरों में भी पौधारोपण करेंगे और अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित करेंगे। दिनेश गुरुरानी ने इस बार कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए निगम के रसोइयों को भी पौधारोपण अभियान से जोड़ा। कार्यक्रम में यात्रा दल के कोऑर्डिनेटर साजन कुमार, आवास गृह प्रबंधक मनोज कुमार, बलवंत सिंह रावल, बबलू, गौरव पांडे, हर सिंह, ललित और गजेंद्र उपस्थित रहे। इस दल में कुल 49 यात्री शामिल हैं।