डीडीहाट, पिथौरागढ़। पर्यटक आवास गृह डीडीहाट में मंगलवार को पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के पांचवें दल के यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें “हिमालय बचाओ अभियान” के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने यात्रियों को पौधारोपण अभियान के 750वें दिन से जोड़ते हुए पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी और होलीडे होम अल्मोड़ा परिसर में रोपण के लिए पौधे भी भेंट किए।
यात्रियों ने बताया कि पूर्व में दिनेश गुरुरानी द्वारा दिए गए पौधों और दिलाई गई शपथ के अनुसार उन्होंने गुंजी और कालापानी क्षेत्र में पौधारोपण किया। इसके साथ ही हिमालय को कूड़ा मुक्त रखने में भी सक्रिय सहयोग दिया।

यात्रियों ने दिनेश गुरुरानी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे देवभूमि में ही नहीं, बल्कि घर लौटकर भी पौधारोपण करेंगे और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस मौके पर दिनेश गुरु रानी ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के माध्यम से कैलाश यात्रा में सेवाएं दे रहे रसोइयों का भी स्वागत किया और उन्हें पौधारोपण के लिए पौधे वितरित किए।
कार्यक्रम में यात्रा दल के कोऑर्डिनेटर संतोख बिष्ट, दान सिंह राणा, रणजीत सिंह, आवास गृह प्रबंधक मनोज कुमार, बलवंत रावल, बबलू, हर सिंह, गजेंद्र सिंह, ललित और गौरव पांडे उपस्थित रहे।































