हल्द्वानी। राजेन्द्र नगर राजपुरा क्षेत्र में नाले के पास बीते कई दिनों से जारी पेयजल संकट से नाराज स्थानीय लोग रविवार को सड़कों पर उतर आए। तेज बारिश के बीच पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने छाता लेकर जल संस्थान के खिलाफ रैली निकाली और जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नाले के भीतर से गुजर रही जर्जर पेयजल लाइन को बदलने की स्वीकृति लंबे समय पहले मिल चुकी है, लेकिन ठेकेदार और जल संस्थान की लापरवाही के चलते अब तक काम शुरू नहीं हुआ। इसका खामियाजा करीब 50 परिवार भुगत रहे हैं। लोग गंदा पानी पीने और दूर से पानी लाने को मजबूर हैं।
पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू ने चेतावनी दी, यदि जल्द नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर लोगों को राहत नहीं दी गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी जल संस्थान की होगी।
बारिश के बावजूद लोगों का जोश कम नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों ने घंटों नारेबाजी कर शीघ्र समाधान की मांग की। बाद में मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जल्द लाइन बिछाने का काम शुरू करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ।
प्रदर्शन में पुष्पा देवी, मनीषा आर्या, संगीता आर्या, गुड्डी, पंकज कुमार, शोभित कुमार, नंदी, प्रियंका कश्यप, रिंकू आर्या, पनी राम, ममता देवी, गीता देवी, शकुंतला देवी, रोहित कुमार, गणेश आर्या, विद्या देवी, बसंती देवी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।































