स्मार्ट मीटर, महंगाई और नशे के खिलाफ फूंका सरकार का पुतला
हल्द्वानी। युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्मार्ट मीटरों से आ रहे भारी बिजली बिलों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। हेमन्त साहू ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर बिजली बिलों का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और नशे का कारोबार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है। लेकिन सरकार इन मुद्दों पर पूरी तरह विफल है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाकर जनता की समस्याओं के समाधान की मांग की। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। साहू ने कहा कि जनता ने शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार मांगा, लेकिन सरकार अपनी मनमानी से ही काम कर रही है। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि जगह-जगह स्मैक, शराब और नशे का अवैध कारोबार चल रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष जूही चुफाल, प्रदेश महासचिव स्वाति जोशी, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुमित कुमार, छात्र नेता मेहुल साह, व्यापारी नेता जसविंदर सिंह भसीन, ज्योति आर्या, रेखा जाटव, राजकुमार सिंह यादव, ईशाक खान, मूर्ति देवी समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






























