हजारों भक्तों ने ली निशान यात्रा में भाग
हल्द्वानी । श्री श्याम युवा मित्र मंडल द्वारा शुक्रवार को श्याम संकीर्तन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह लटूरिया बाबा मंदिर से हुई, जहां से मुखानी स्थित खाटू श्याम मंदिर तक निशान यात्रा निकाली गई। इस दौरान हजारों श्याम भक्त नंगे पैर और हाथों में निशान लेकर यात्रा में शामिल हुए। वहीं भक्तिमय नारे और ढोल की थाप के बीच यात्रा मुखानी खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

संध्या 7 बजे से मंदिर परिसर में संकीर्तन का आयोजन हुआ। भजन गायकों सौरभ शर्मा, परविंदर पलक, कनिका ग्रोवर, निहाल ठाकरान और पंडित विवेक शर्मा ने बाबा के भजनों की प्रस्तुति दी। “बाबा ये नैया कैसे डगमग डोली जाए”, “करो स्वागत बाबा का”, “खाटू धाम की माटी” और “तेरे दरवाजे पर एक अर्जी छोड़ी है” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
संस्था अध्यक्ष अंकित पाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बाबा श्याम के प्रति आस्था को मजबूत करना था। आयोजन में संजीव कश्यप, रतन चोहान, सोनू बेलबाल, हर्षित पाल, कमल पाल, अनिल पाल, ललित पांडेय, सनी कपूर, रामू गुप्ता, राजू प्रजापति, वाशु नाथ गोस्वामी, पल्लवी गोयल, चंदन जोशी, कमल गोयल, नीरज मिश्रा और मयंक जोशी का विशेष सहयोग रहा।




























