धूल-जाम और हादसों से मिलेगी राहत
हल्द्वानी। रामपुर रोड मुख्य सड़क का 6 माह बाद पुनः डामरीकरण कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को दुर्घटनाओं, धूल-मिट्टी और जाम से निजात मिलेगी। समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि जून माह से लगातार आंदोलन-प्रदर्शन किया जा रहा था। अनेकों बार जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया था, लेकिन बरसात के चलते कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा था। रामपुर रोड से पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने बताया कि पिछले 6 माह से जल निगम द्वारा पानी की पाइप लाइन डालने के चलते मुख्य सड़क खोदी गई थी। अब समता आश्रम से सिंधी चौराहे तक पाइप लाइन का कार्य पूरा हो गया है। सड़क खुदी होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं। हाईवे खुदा होने से घंटों लंबा जाम लगता था, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही थी।

उन्होंने बताया कि धूल-मिट्टी के कारण क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों में बीमारी का खतरा बना हुआ था। कई बच्चे महीनों से बीमार हैं। छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और खाने-पीने का सामान बेचने वालों का व्यापार पूरी तरह चौपट हो गया था। विशाल वर्मा ने कहा कि मुख्य मार्ग का पुनः डामरीकरण होने से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ नैनीताल आने-जाने वाले सैलानियों को भी अच्छी सड़कों का लाभ मिलेगा और व्यापार फिर से पटरी पर लौटेगा।


































