उत्तराखंड बीजेपी ने घोषित किए प्रकोष्ठों के संयोजक
देहरादून। राज्य सरकार द्वारा दायित्वधारियों की सूची जारी होने के बाद उत्तराखंड बीजेपी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और सह-संयोजकों की घोषणा कर दी है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और विभिन्न दायित्वों पर रह चुके नैनीताल निवासी जितेंद्र सिंह मेहता उर्फ जीतू को सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। नियुक्ति पर मेहता ने पार्टी संगठन, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि वे दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
भाजपा उत्तराखंड प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, श्री मेहता अब प्रदेश स्तर पर पार्टी के सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कला मंचों और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े अभियानों का संचालन करेंगे। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के लिए तीन सह-संयोजक भी घोषित किए गए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के गठन के जरिए बीजेपी उत्तराखंड की लोक संस्कृति को पार्टी मंच से और अधिक जोड़ने की रणनीति पर काम शुरू कर चुकी है।





























