Home उत्तराखंड धरने पर बैठे बी.पी.एड. प्रशिक्षितों का अल्टीमेटम, 29 को कूच

धरने पर बैठे बी.पी.एड. प्रशिक्षितों का अल्टीमेटम, 29 को कूच

1309

देहरादून। शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन, उत्तराखंड ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। संगठन ने 29 जून को वित्त मंत्री आवास तक कूच करने की घोषणा की है। इसकी सूचना सिटी मजिस्ट्रेट, देहरादून को पत्र के माध्यम से दे दी गई है।

संगठन का कहना है कि उत्तराखंड के बी.पी.एड. (शारीरिक शिक्षक) प्रशिक्षित बेरोजगार अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर 4 जून 2026 से शिक्षा निदेशालय में धरने पर बैठे हैं। धरने को 22 दिन से अधिक हो चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है।

संगठन ने पत्र में आरोप लगाया कि सरकार के “सौतेले रवैये और उदासीनता” के कारण प्रशिक्षित युवाओं में भारी रोष है। इसी रोष के चलते संगठन ने 29 जून को बड़े प्रदर्शन का निर्णय लिया है। संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह कूच पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। यह सूचनार्थ पत्र 26 जून को “समस्त बी.पी.एड. प्रशिक्षित बेरोजगार, उत्तराखंड” की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया है।