अब राज्य बचाने यूकेडी के आंदोलनकारी आएंगे आगे
कनालीछीना/पिथौरागढ़। उत्तराखंड क्रांति दल की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को भौतड़ी स्थित क्रांति आश्रम में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता दल के वरिष्ठ नेता पुष्कर सिंह धामी ने की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में दल के नेताओं ने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार जनसंपर्क और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।
पौधारोपण अभियान का 733वां दिन
“पौधारोपण के साथ जनसंपर्क” कार्यक्रम के तहत अभियान के 733वें दिन क्रांति आश्रम परिसर में तीन वर्षीय बालिका ज्योत्सना धामी ने पौधा रोपित किया। इस मौके पर वरिष्ठ नेता पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर उत्तराखंड क्रांति दल को मजबूत करना होगा।

दल के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश गुरूरानी ने बताया कि संगठन पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सक्रिय है। उन्होंने डूंगरी क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर ग्रामीणों से संपर्क किया और उन्हें उक्रांद की विचारधारा से अवगत कराया। डूंगरी के चाय बागान में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
जल्द गठित होगी ब्लाक कार्यकारिणी
राजेश मेहता ने कहा कि कनालीछीना विकासखंड में शीघ्र ही ब्लाक कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। वरिष्ठ नेता हेमेंद्र बिष्ट ने कहा कि अब समय आ गया है जब आंदोलनकारियों को राज्य बचाने के लिए आगे आना होगा। वहीं दिनेश गुरूरानी ने बताया कि जनसंपर्क अभियान के तहत भौतड़ी, लिमाटोड़ा, डूंगरी, मिताड़ी, पाली, सांगड़ी, छड़नदेव, मातोली और वीरकाना गांवों में ग्रामीणों से मुलाकात की गई। बैठक में गणेश सिंह खनका, मोहित भट्ट, देवेंद्र बिष्ट, दीवान सिंह धामी, गुलाब सिंह धामी, पदम सिंह धामी, जितेंद्र सिंह धामी, धीरेंद्र धामी, गोविंद सिंह, कमान सिंह, ललिता प्रसाद पंत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





























