SIR के फॉर्म की कालाबाज़ारी पर कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी। निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर आम लोगों को हो रही दिक्कतों का मामला सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट के सामने उठा। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर अभियान से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं, शंकाओं और भ्रम की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया।
विधायक हृदयेश ने कहा कि SIR को लेकर लोगों के बीच जरूरी दस्तावेजों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन को लेकर काफी असमंजस है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आमजन को समयबद्ध और स्पष्ट जानकारी दी जाए। साथ ही पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाए ताकि हर पात्र मतदाता बिना परेशानी के अपना काम पूरा कर सके।
बैठक में विधायक ने तहसील परिसर में SIR से जुड़े प्रपत्रों की कालाबाज़ारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ लोग निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर फॉर्म बेच रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा, “लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े किसी भी दस्तावेज़ का दुरुपयोग या उससे अनुचित लाभ कमाना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। जो लोग आम जनता की मजबूरी का फायदा उठाकर अपनी जेब भरने का प्रयास कर रहे हैं, वे अपनी जेब सिलकर रखें। प्रशासन ऐसे लोगों पर सख्त शिकंजा कसे और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे।” विधायक ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति मताधिकार है। इसलिए SIR की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम होनी चाहिए और किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जनहित के हर मुद्दे को प्रशासन के सामने रखना उनकी प्राथमिकता है और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, BLA-1 मयंक भट्ट, हेमंत बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद भागीरथी बिष्ट, नीमा भट्ट, धर्मवीर, गोविन्दी लोबियाल, ज्ञान सिंह थापा, शकील सलमानी, मो. गुफरान, शैलेन्द्र दानू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।































