चौकी प्रभारी से वार्ता
हल्दूचौड़ (नैनीताल): क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, युवाओं को नशे से बचाने और यातायात सुरक्षा को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था पर सकारात्मक चर्चा हुई। वार्ता के दौरान पीयूष जोशी ने युवाओं के भविष्य पर चिंता जताते हुए नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान और सेमिनार आयोजित करने की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम सभा दौलिया में भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन से होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि ग्रामीण क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित किया जाए और चालकों को सचेत करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए एक सप्ताह के भीतर दौलिया क्षेत्र में भारी वाहनों के समय-निर्धारण से जुड़े चेतावनी बोर्ड लगवाने का आश्वासन दिया। चौकी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस अवैध नशा तस्करों, संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने विश्वास जताया कि क्षेत्र में नशे और अपराध के खिलाफ पूर्व में शुरू हुए अभियानों को नए चौकी प्रभारी के नेतृत्व में और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए जनहित से जुड़े सामाजिक प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।































