2027 चुनाव को लेकर सपा ने भरी हुंकार
रुद्रपुर। समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद प्रथम बार रुद्रपुर आगमन पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार एवं भव्य स्वागत किया। रुद्रपुर पहुंचने पर समाजवादी पार्टी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष ओसियन सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों के काफिले एवं ढोल-नगाड़ों के साथ छात्र सभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात रुद्रपुर सिटी क्लब में समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव जी एवं उनके समर्थकों द्वारा प्रदेश अध्यक्ष जी का जोरदार स्वागत किया गया।

स्वागत कार्यक्रम के बाद सिटी क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी को उत्तराखंड में मजबूत और सक्रिय संगठन के रूप में खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा और संगठन में पद उन्हीं कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे जो पार्टी के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ने जा रही है। चुनाव को लेकर पहले कांग्रेस पार्टी से गठबंधन एवं सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत की जाएगी। यदि कांग्रेस सम्मानजनक सीटें देती है तो गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा जाएगा, लेकिन यदि सहमति नहीं बनती है तो समाजवादी पार्टी अपने दम पर भी उत्तराखंड में पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं तथा समाज के सभी वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाना है। इस अवसर पर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव, समाजवादी पार्टी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष ओसियन सिंह यादव, अरविंद कुमार दिवाकर, अमित कुमार, राम सिंह सागर, जावेद सिद्दीकी,मजहर रिजवी,गुलाब सिंह ,नदीम अख्तर, हनीफ गांधी, दानिश चौधरी, मनमोहन यादव,शरीफ अंसारी,अरशद अय्यूब,एडवोकेट मनमोहन यादव,शेर सिंह, जितेंद्र यादव, विक्रम यादव, सनी गुप्ता, प्रवीण पाल, जावेद मिकरानी ,शकील अंसारी,अजय चौधरी, अंकुर चौधरी, सूरज गुप्ता सहित समाजवादी पार्टी के सैकड़ो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके साथ ही रुद्रपुर के कई सम्मानित अधिवक्ता गण एवं सैकड़ों समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी का हार्दिक स्वागत एव अभिनंदन किया।


































