Home उत्तराखंड डॉ. राममनोहर लोहिया की 59वीं पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि

डॉ. राममनोहर लोहिया की 59वीं पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि

843

काशीपुर। समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की 59वीं पुण्यतिथि पर उत्तराखंड समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। सर्वप्रथम सपा प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।गोष्ठी को संबोधित करते हुए सिद्दीकी ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया सच्चे समाजवादी थे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वालों में उनका नाम प्रमुख है। भविष्य दृष्टा के रूप में सामाजिक बदलाव और देश-विदेश के भावी राजनीतिक स्वरूप को लेकर की गई उनकी लगभग सभी भविष्यवाणियां सही साबित हुईं। उन्होंने कहा कि लोहिया जी में बचपन से ही अन्याय और अत्याचार का विरोध करने का साहस था। वे रात-रात भर सड़कों पर घूमकर देखते थे कि गरीब क्या खाते हैं, कहां सोते हैं, कैसे जीवन यापन करते हैं और फिर उनके संकट दूर करने के लिए संघर्ष में जुट जाते थे। उन्होंने अपना सारा जीवन गरीबों की भलाई और गैर-बराबरी वाली रूढ़िवादी ताकतों के खिलाफ संघर्ष में लगाया।

सिद्दीकी ने कहा कि लोहिया जी के पदचिन्हों पर चलकर ही सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने समाजवाद की अलख जगाई, जिसकी वजह से आज समाजवाद का झंडा बुलंद है। उनके बाद अखिलेश यादव पूरी आन-बान-शान के साथ समाजवाद का झंडा बुलंद किए हुए हैं। लोहिया जी और मुलायम सिंह जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम अखिलेश यादव के हाथ मजबूत करेंगे। गोष्ठी के अंत में स्कूली बच्चों को कॉपी, पेन व फ्रूटी बांटकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में महंत शुभम गिरी, मशकूर कुरैशी, चंद्रशेखर यादव, आशीष यादव, लवदत्ता, डॉ. राजेंद्र पराशर, श्रवण शंखधर, नदीम कुरैशी, साजिद अंसारी, राजेंद्र यादव, जगवीर यादव, रईस अंसारी, उमैर मतीन, जुल्फिकार अंसारी, अमित यादव, उदालय यादव, अरशद अय्यूब, इस्लाम मिकरानी, रेहान मलिक, अनस सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।