शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर शिक्षा मंत्री को ज्ञापन
देहरादून। शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन उत्तराखंड ने शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत राज्य के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय से लेकर इंटरमीडिएट कॉलेजों में शारीरिक शिक्षक नियुक्त करने की मांग उठाई है।संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चन्द्र पाण्डेय ने ज्ञापन में कहा कि वर्ष 2006 के बाद से शारीरिक शिक्षकों की नियुक्तियां बंद पड़ी हैं। अब नई शिक्षा नीति 2020 में प्राथमिक से इंटर कॉलेज तक शारीरिक शिक्षा को अनिवार्य विषय बनाए जाने से शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों में रोजगार की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय से प्रत्येक इंटरमीडिएट कॉलेज में शारीरिक शिक्षक नियुक्त किए जाएं। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति संबंधी फाइल संख्या 77006 को शिक्षा मंत्री पहले ही मंत्रिपरिषद हेतु अनुमोदित कर चुके हैं। इसे मंत्रिपरिषद की अनुमति दी जाए। राज्य के शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों को आयु सीमा में शिथिलता दी जाए।

ज्ञापन में देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष हरेन्द्र खत्री, प्रदेश प्रभारी अर्जुन लिंगवाल और अन्य बीपीएड एवं एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार मौजूद थे। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।































