Home उत्तराखंड उत्तराखंड क्रांतिकारी दल युवा प्रकोष्ठ ने बढ़ती हिंसा, सामाजिक विभाजन और व्यक्तिपूजा...

उत्तराखंड क्रांतिकारी दल युवा प्रकोष्ठ ने बढ़ती हिंसा, सामाजिक विभाजन और व्यक्तिपूजा की राजनीति पर जताई चिंता

2172
Oplus_131072

बागेश्वर / कपकोट। उत्तराखंड क्रांतिकारी दल युवा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित एक प्रेस वार्ता में प्रदेश में बढ़ती हिंसक घटनाओं, सामाजिक विभाजन और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत दिए जा रहे बयानों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।

प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने टिहरी में केतन लाल प्रकरण से जुड़ी युवा की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और अमानवीय है। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त जातिवाद और ऊँच-नीच की मानसिकता से ऊपर उठकर ही एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। उत्तराखंड की सामाजिक एकता और भाईचारे को बनाए रखना समय की आवश्यकता है।

वक्ताओं ने कर्णप्रयाग में एक निहत्थे मूलनिवासी पर धारदार हथियार से किए गए हमले सहित प्रदेश में बढ़ रही हिंसक प्रवृत्तियों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भारत का अभिन्न अंग है और देवभूमि में देश के सभी नागरिकों का स्वागत है, लेकिन हथियारों का प्रदर्शन कर स्थानीय लोगों को भयभीत करने, दबाव बनाने अथवा उत्तराखंड की शांतिप्रिय संस्कृति को चुनौती देने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रेस वार्ता में हाल ही में बागेश्वर जनपद के दौरे के दौरान माननीय मंत्री राम सिंह केड़ा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान के रूप में प्रस्तुत किए जाने वाले बयान का भी विरोध किया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारत में सर्वोच्च स्थान संविधान का है और कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना ही बड़ा पद क्यों न रखता हो, संविधान से ऊपर नहीं हो सकता। जनप्रतिनिधि जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं और लोकतंत्र में व्यक्तिपूजा के बजाय संवैधानिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए।

उत्तराखंड क्रांतिकारी दल युवा प्रकोष्ठ ने कहा कि लोकतंत्र में प्रश्न पूछना और सरकारों की नीतियों की समीक्षा करना जनता का अधिकार है तथा किसी भी व्यक्ति को भगवान के रूप में प्रस्तुत कर जनता को भ्रमित करना लोकतांत्रिक भावना के अनुरूप नहीं माना जा सकता।

प्रेस वार्ता में यूकेडी संरक्षक भुवन काण्डपाल, हीराबल्लभ भट्ट, युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सीए वरुण चंदोला, ब्लॉक उपाध्यक्ष जीतू दानू, जिला महामंत्री पंकज भट्ट, यूकेडी कार्यकर्ता राहुल मिश्रा समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।