Home उत्तराखंड कैड़ा के बयान पर विवाद

कैड़ा के बयान पर विवाद

1938
Oplus_131072

यूकेडी नेता बोले, देवभूमि में आस्था से न करें राजनीति

बागेश्वर/कपकोट। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के उस बयान पर सियासी प्रतिक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “कलयुग में दूसरे भगवान का अवतार” बताया था। कैड़ा ने यह बयान बागेश्वर जिला भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दिया था।

इस बयान पर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेता सीए वरूण चंदोला ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि बाबा बागनाथ की पावन भूमि बागेश्वर में इस तरह की राजनीति अनुचित है। यह देवभूमि उत्तराखंड है, जहाँ गोलज्यू देवता का न्याय है, माँ आदी बद्री भगवती का आशीर्वाद है, माँ भद्रकाली की शक्ति है और नौलिंग-बंजैंड देवता, हर्ज्यू सेमज्यू सहित असंख्य आराध्य देवताओं का वास है। इस पवित्र भूमि में किसी भी जनप्रतिनिधि को भगवान का स्वरूप बताकर राजनीति करना न केवल अनुचित है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि जनता द्वारा चुने जाते हैं, जबकि भगवान श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा का विषय हैं। जो लोग संवैधानिक पदों पर बैठे हैं, उन्हें अपने पद की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। सत्ता और पद क्षणभंगुर हैं, लेकिन धर्म, सत्य और आस्था शाश्वत हैं। राजनीतिक चाटुकारिता के लिए ईश्वर के नाम का उपयोग करना देवभूमि की संस्कृति नहीं है।

आपको बता दें कि भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर देशभर में जश्न मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 जून को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया था। इसके बाद विभिन्न जिलों में मंत्री और नेता प्रेसवार्ता कर रहे हैं। भाजपा ने 13 से 16 जून तक प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम भी तय किया है। वहीं चंदोला ने बागनाथ की भूमि से अपील की कि “लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ मत कीजिए, भगवान के नाम पर राजनीति मत कीजिए। जनता सब देख रही है और इस देवभूमि के देवी-देवता भी सब देख रहे हैं। कर्मों का न्याय अवश्य होता है और गोलज्यू देवता के दरबार में देर हो सकती है, अंधेर नहीं।
इस समय केबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा ट्रोल होते दिख रहे हैं, उनके एक बयान ने पूरी देवभूमि को शर्मसार करने का काम किया है।