Home उत्तराखंड फाइल 77006 पर चुप्पी, बीपीएड/एमपीएड बेरोजगारों का अनशन शुरू

फाइल 77006 पर चुप्पी, बीपीएड/एमपीएड बेरोजगारों का अनशन शुरू

656
Oplus_131072

उत्तराखंड: शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों का धरना 16वें दिन, आज से क्रमिक अनशन शुरू

देहरादून। उत्तराखंड में शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं का शिक्षा निदेशालय, ननूरखेड़ा में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज 16वें दिन में प्रवेश कर गया। सरकार की ओर से कोई सुनवाई न होने से नाराज प्रशिक्षितों ने आज, 19 जून से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे। क्रमिक अनशन के पहले दिन महेश नेगी, अनूप तिवारी और संजय कोरंगा शिक्षा निदेशालय में बैठे। प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडे ने कहा कि 4 जून से चल रहे धरने के बावजूद शासन-प्रशासन ने अब तक कोई सुध नहीं ली है।

प्रशिक्षित बेरोजगारों ने नई शिक्षा नीति 2020 का हवाला देते हुए अपनी मांगे रखी। जिसमें NEP-2020 के तहत शारीरिक शिक्षा अनिवार्य है, इसलिए हर स्कूल में एक-एक शारीरिक शिक्षक नियुक्त किया जाए। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षक नियुक्ति संबंधी फाइल संख्या 77006 को वित्त विभाग से मंजूरी दिलाकर कैबिनेट में पास किया जाए।

राज्य के बीपीएड/एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों को आयु सीमा में शिथिलता दी जाए। शारीरिक शिक्षा शिक्षक का प्रवक्ता पद सृजित कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए। आज धरने में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडे, महेश नेगी, किशन खत्री, सुमन नेगी, खुशहाल कोरंगा, संजय कोरंगा, अनूप तिवारी, देवेंद्र कुकरेती, सुरेश राजपूत, महावीर सिंह, हुकम सिंह, महक सिंह समेत कई प्रशिक्षित मौजूद रहे। प्रशिक्षितों का कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।