कपकोट में यूकेडी को मिल रहा कार्यकर्ताओं का समर्थन : सीए वरुण चंदोला
कपकोट/बागेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल के नेता सीए वरुण चंदोला ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी भाजपा और कांग्रेस ने पहाड़ों की लगातार अनदेखी की है। इसी कारण वर्षों से इन राष्ट्रीय दलों से जुड़े कार्यकर्ता अब यूकेडी की ओर रुख कर रहे हैं। कपकोट विधानसभा क्षेत्र के गांवों के दौरे के बाद श्री चंदोला ने बताया कि ग्रामीणों की सबसे बड़ी पीड़ा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था का चरमराना है। स्कूल-कॉलेज न होने से अभिभावक बच्चों की पढ़ाई के लिए पलायन करने को मजबूर हैं। नतीजा यह है कि आज पहाड़ के कई गांव भूतिया और वीरान हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में रोजगार की कमी नहीं, बल्कि नीति की कमी है। कपकोट और आसपास के गांवों में मिलने वाली खड़िया पूरे देश में साबुन, सर्फ और कई रसायनों में उपयोग होती है। यदि सरकार यहां उत्पादन इकाइयां लगाती तो स्थानीय लोगों को घर के पास रोजगार मिलता। इसी तरह जड़ी-बूटियों का भंडार और पर्यटन की अपार संभावनाएं भी सरकारों की उपेक्षा का शिकार रही हैं। श्री चंदोला ने कहा कि, “ग्रामीण अब समझ चुके हैं कि राष्ट्रीय दल मुनाफाखोरी में लगे हैं, जनहित में नहीं। इसी बदलाव की उम्मीद में बड़ी संख्या में पुराने भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता उत्तराखंड क्रांति दल के समर्थन में खड़े हो रहे हैं। कपकोट में शिक्षा सबसे अहम मुद्दा बनकर उभरा है और यूकेडी इसे प्राथमिकता देगी।” उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव 2027 में कपकोट विधानसभा में यूकेडी मजबूती के साथ चुनाव जीतेगी।





























