घायल युवक शुभम अधिकारी का जाना हालचाल
नशा मुक्ति केंद्रों की जांच, CCTV खंगालने और क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान तेज करने की उठाई मांग
हल्द्वानी/लालकुआँ। लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने गंभीर हालत में भर्ती युवक शुभम अधिकारी का हालचाल जाना और परिवारजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
शुभम अधिकारी वही युवक है, जो नशे की गिरफ्त में आने के बाद उपचार हेतु एक नशा मुक्ति केंद्र में रखा गया था। वर्तमान में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह अस्पताल में उपचाराधीन है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि नशा मुक्ति केंद्र से लौटने के बाद युवक की तबीयत अधिक बिगड़ गई तथा केंद्र में उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने की आशंका है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में अब तक अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई है और संबंधित केंद्र के CCTV फुटेज की भी गंभीरता से जांच नहीं की गई।
अस्पताल पहुंचकर पीयूष जोशी ने परिवार को ढांढस बंधाया तथा बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने अरुण जोशी, पूर्व प्राचार्य एवं मेडिकल सुपरिंटेंडेंट से भी वार्ता की। पीयूष जोशी ने युवक के समुचित उपचार की मांग की, जिस पर अरुण जोशी ने आश्वस्त किया कि आयुष्मान योजना की सीमा समाप्त होने के उपरांत भी चैरिटी व्यवस्था के माध्यम से युवक का इलाज जारी रखा जाएगा, ताकि परिवार को आर्थिक परेशानी न हो।
पीयूष जोशी ने कहा कि यह मामला केवल एक युवक तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है। उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र में स्मैक, चरस, नशीली गोलियों और अवैध शराब का जाल युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहा है। गरीब परिवार अपने बच्चों को नशे से बचाने के लिए नशा मुक्ति केंद्रों में भेजते हैं, लेकिन यदि वहीं से बच्चे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंच रहे हैं, तो यह अत्यंत चिंताजनक स्थिति है।
उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित नशा मुक्ति केंद्र के CCTV फुटेज तत्काल सुरक्षित कर जांचे जाएं, केंद्र की मान्यता और कार्यप्रणाली की समीक्षा हो तथा यदि कोई दोषी पाया जाए तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
पीयूष जोशी ने आगे कहा कि अब समय आ गया है कि लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में नशे के खिलाफ निर्णायक जनअभियान चलाया जाए। उन्होंने क्षेत्र की जनता, अभिभावकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे एकजुट होकर नशा तस्करों, अवैध कारोबारियों और लापरवाह संस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाएं।
उन्होंने कहा कि यदि समाज आज नहीं जागा तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने शुभम अधिकारी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि यह घटना पूरे क्षेत्र को झकझोर देने वाली है और अब नशा मुक्त लालकुआँ के लिए व्यापक जनसंघर्ष की आवश्यकता है।



























