Home उत्तराखंड हल्द्वानी में 31 अगस्त को निकलेगी विशाल संस्कृत शोभा यात्रा, 1500 छात्र...

हल्द्वानी में 31 अगस्त को निकलेगी विशाल संस्कृत शोभा यात्रा, 1500 छात्र होंगे शामिल

789

हल्द्वानी । उत्तराखंड संस्कृत अकादमी द्वारा संस्कृत सप्ताह के समापन अवसर पर हल्द्वानी में विशाल संस्कृत शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में पत्रकार वार्ता करते हुए अकादमी के सचिव प्रोफेसर डॉ. विनय विद्यालंकार ने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड में संस्कृत को द्वितीय राजभाषा का दर्जा प्राप्त है। संस्कृत देवताओं की भाषा है और देवभूमि में देवभाषा जन-जन की भाषा बने, इसी उद्देश्य से अकादमी समय-समय पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन करती है। संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत प्रदेश के सभी जनपदों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त, सोमवार को प्रातः 8:30 बजे शोभा यात्रा का शुभारंभ होगा। यह शोभा यात्रा कालाढूंगी रोड होते हुए पर्वतीय उत्थान मंच, हल्द्वानी पहुंचेगी, जहां समापन अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। शोभा यात्रा के संयोजक खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने बताया कि शोभा यात्रा में 21 विद्यालयों के लगभग 1500 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए सभी विद्यालयों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सह-संयोजक डॉ. नवीन चंद्र जोशी ने बताया कि शोभा यात्रा में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग भी शामिल होंगे। शोभा यात्रा को भव्य, दिव्य और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन से विशेष सहयोग मांगा गया है।