फिलहाल टली हड़ताल, शासन से वार्ता के बाद होगा अंतिम फैसला
हल्द्वानी: उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को हल्द्वानी ट्रांसपोर्ट नगर में हुई। बैठक में परिवहन से जुड़ी लंबित समस्याओं और प्रस्तावित हड़ताल पर विस्तार से चर्चा की गई। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस उत्पीड़न, ओवरलोडिंग, STA से संबंधित नियमों और अन्य मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। यह बैठक शनिवार को स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद बुलाई गई थी। बैठक के बाद महासंघ ने कहा कि प्रशासन से मिले सकारात्मक आश्वासन के मद्देनजर अभी हड़ताल को टाल दिया गया है। महासंघ शासन-प्रशासन के साथ औपचारिक वार्ता की प्रक्रिया शुरू करेगा। वार्ता के नतीजों और प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद ही आगे की रणनीति तय होगी। महासंघ ने स्पष्ट किया कि यदि शासन ने मांगे पूरी नहीं कीं तो प्रदेश स्तरीय बैठक में नई तारीख तय कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। महासंघ ने सभी ट्रक मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे नई तारीख घोषित होने तक शांति और संयम बनाए रखें तथा प्रशासन के निर्णय की प्रतीक्षा करें। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा, भास्कर जोशी, नीरज, ललित पाठक, दया किशन शर्मा, गिरीश मेलकानी, जय उप्रेती, हरीश जोशी, नवीन चंद्र उप्रेती, आफताब हुसैन, नवीन मेलकानी सहित महासंघ की सभी शाखाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।































