हल्द्वानी। सिख मिशनरी कॉलेज, हल्द्वानी सर्कल द्वारा विरसा संभाल कैंप में आज मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक विशेष ज्ञानवर्धक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप का संचालन मनोवैज्ञानिक हरप्रीत कौर ने किया, जो वर्तमान में कृष्णा हॉस्पिटल में सेवाएं दे रही हैं। उन्हें मानसिक स्वास्थ्य परामर्श के क्षेत्र में लगभग सात वर्षों का अनुभव है। वे देश-विदेश में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन काउंसलिंग सेशंस के माध्यम से लोगों का मार्गदर्शन भी करती हैं। बच्चों के साथ हुए इस इंटरैक्टिव सेशन में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, भावनाओं को पहचानने-समझने और सकारात्मक सोच विकसित करने पर चर्चा हुई। हरप्रीत कौर ने बच्चों को आत्मविश्वास, तनाव प्रबंधन और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के तरीके बताए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अपनी भावनाओं को व्यक्त करना और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जीवन का जरूरी हिस्सा है।

इस दौरान कार्यक्रम के अंत में सिख मिशनरी कॉलेज, हल्द्वानी सर्कल ने हरप्रीत कौर का विरसा संभाल कैंप में आकर बच्चों का मार्गदर्शन करने और बहुमूल्य समय देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। वहीं कालेज ने कहा कि इस प्रकार की वर्कशॉप्स बच्चों के मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होती हैं।





























