गुरबाणी के संदेश से लिया प्रकृति बचाने का संकल्प
हल्द्वानी । सिख मिशनरी कॉलेज हल्द्वानी सर्कल के गुरमत कैंप में शनिवार को बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष पर्यावरण दिवस मनाया गया। विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को मनाया जाता है, लेकिन कैंप में आज प्रकृति की महत्ता समझाने के लिए पौधारोपण और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कैंप इंचार्ज सुरेंद्र कौर ने बच्चों को बताया कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए कितने जरूरी हैं। उन्होंने प्लास्टिक का कम उपयोग करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण बचाने पर जोर दिया। पौधारोपण से पहले करीब एक घंटे तक बच्चों को इस विषय पर विस्तार से शिक्षा दी गई।
इस दौरान बलजीत कौर ने गुरबाणी के पावन वाक्य “पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महत” का अर्थ समझाया। उन्होंने कहा कि सिख धर्म प्रकृति के सम्मान और संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देता है। इसके बाद बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और पर्यावरण को स्वच्छ व हरा-भरा रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार सरदार रमनदीप सिंह साहनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सिख मिशनरी कॉलेज ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कैंप प्रबंधकों ने अंत में बच्चों से कहा कि मिलकर पेड़ों की रक्षा करें, प्लास्टिक घटाएं और सफाई रखें, तभी भविष्य सुरक्षित और स्वस्थ बन सकेगा।





























