डिजिटल युग में हिंदी पत्रकारिता पर विचार गोष्ठी का आयोजन
हल्द्वानी । पर्वतीय पत्रकार महासंघ, उत्तराखंड ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हल्द्वानी में “डिजिटल युग में हिंदी पत्रकारिता: चुनौती, अवसर और जिम्मेदारियां” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की। कार्यक्रम शाम 4 बजे पारखी रेस्टोरेंट, गांधी आश्रम के निकट, कालाढूंगी रोड में संपन्न हुआ। इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पाठक ने की। गोष्ठी में संगठन संरक्षक डॉ. दिनेश जोशी, प्रदेश महामंत्री मदन मोहन पाठक, कोषाध्यक्ष भावना पाठक, महानगर महामंत्री प्रेम सिंह दानू, जिलाध्यक्ष गिरीश भट्ट सहित महासंघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।

प्रदेश महामंत्री मदन मोहन पाठक ने कहा कि डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच हिंदी पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां हैं, साथ ही विस्तार के अवसर भी खुल रहे हैं। आयोजन में यह भी बताया गया कि महासंघ की कार्यकारिणी का गठन 10 जनपदों में पूरा हो चुका है। चर्चा के दौरान जुगल किशोर उपाध्याय द्वारा आर्थिक संकट के बीच चलाए गए अखबार और कम समय में ‘उदंड माक्रड’ द्वारा लक्ष्य हासिल करने के प्रयासों का भी जिक्र हुआ।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता हरीश पनेरू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा, “कलम से ही मेरा जन्म हुआ है। पक्ष को हर कोई याद करता है, लेकिन विपक्ष को साथ लेकर चलने वाला ही बड़ा होता है।” पनेरू ने हिंदी को जीवित रखने के लिए हिंदी पत्रकारिता को मजबूत बनाने पर जोर दिया और विकास पुरुष स्व. नारायण दत्त तिवारी को उनके पत्रकारिता व राजनीति दोनों क्षेत्रों के योगदान के लिए याद किया।

वरिष्ठ पत्रकार दिनेश चंद्र जोशी ने विभिन्न पत्रकार संगठनों के एक मंच पर आने को सराहनीय पहल बताया। एनयूजेआई अध्यक्षा दया जोशी ने मांग की कि सरकार पत्रकारों को मरणोपरांत मिलने वाली सहायता राशि उनके जीवनकाल की कठिनाई में ही उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा, “चौथा स्तंभ सिर्फ नाम का है, सुविधाएं कहीं नजर नहीं आतीं।”

सभा का संचालन अजय उप्रेती ने किया। इस दौरान संगठन संरक्षक डॉ. दिनेश जोशी, प्रदेश महामंत्री मदन मोहन पाठक, प्रदेश कोषाध्यक्ष भावना पाठक, दीपक मनराल, महानगर महामंत्री प्रेम सिंह दानू, महानगर उपाध्यक्ष तारु तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय उप्रेती, जिलाध्यक्ष गिरीश भट्ट, महामंत्री बी.डी. फुलारा, जिला उपाध्यक्ष गिरीश चन्द्र चंदोला, आनन्द बत्रा, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष जसवीर सिंह, सदस्य राकेश चौहान, अध्यक्ष धारी भीमताल धीरज उप्रेती सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहें।



























