हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र (16000) में आज जुलाई 2026 सत्र के नवप्रवेशित शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम में डॉ. विशाल कुमार शर्मा ने विश्वविद्यालय के परिचय और मॉडल अध्ययन केंद्र की कार्यप्रणाली पर प्रस्तुतीकरण दिया। अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. लोहनी ने छात्रों को मुक्त शिक्षा का अधिकतम लाभ लेने, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और तनाव से बचने की सलाह दी। इस दौरान प्रो. गिरिजा पांडे ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली की अवधारणा, प्रो. जितेंद्र पांडे ने स्व-अध्ययन और अनुशासन के महत्व, प्रो. एम.एम. जोशी ने अध्ययन केंद्रों की भूमिका पर जानकारी दी। डॉ. सुमित प्रसाद ने प्रवेश प्रक्रिया और स्टूडेंट वन व्यू पोर्टल, डॉ. दीपांकुर जोशी ने अध्ययन सामग्री वितरण, प्रो. आशुतोष भट्ट ने परीक्षा प्रणाली और डॉ. राजेश मठपाल ने प्रायोगिक कार्यों के बारे में विस्तार से बताया।कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय ने बताया कि भविष्य में अन्य अध्ययन केंद्रों पर भी ऐसे दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


































