‘हिमालय बचाओ’ अभियान से जुड़कर ली पर्यावरण रक्षा की शपथ
डीडीहाट। पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के तृतीय दल की सकुशल वापसी पर रविवार को पर्यटक आवास गृह डीडीहाट में भावपूर्ण स्वागत हुआ। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों का माला पहनाकर अभिनंदन किया और उन्हें ‘हिमालय बचाओ अभियान’ के 742वें दिन पौधारोपण से जोड़ा। इस अवसर पर सभी यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। साथ ही पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी और होलीडे होम अल्मोड़ा में रोपण के लिए पौधे भी भेंट किए गए।
यात्रा दल के जनसंपर्क अधिकारी सुनील गोयल ने दिनेश गुरुरानी की इस मुहिम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह प्रयास भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ पर्यटक आवास गृह में गुरुरानी द्वारा पूर्व में दिए गए पौधों को दल के सदस्यों ने गुंजी और कालापानी में सामूहिक रूप से रोपित किया था।
सुनील गोयल ने कहा कि उच्च हिमालय क्षेत्र को कूड़ा मुक्त रखने की जो शपथ यात्रा के दौरान दिलाई गई थी, उसका भी अक्षरशः पालन किया गया। दल ने मार्ग में पड़ा कूड़ा एकत्र कर उसका समुचित निस्तारण किया। उन्होंने संकल्प लिया कि यात्रा पूर्ण होने के बाद वह अपने घर पर भी पौधारोपण करेंगे।
यात्रा में शामिल पिथौरागढ़ निवासी सेवानिवृत्त स्टेट बैंक प्रबंधक हरीश चंद्र पुनेठा और आशा पुनेठा ने कहा कि वे भी यात्रा की सफलता के उपलक्ष्य में पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी में पौधे लगाएंगे। कार्यक्रम में दिनेश गुरुरानी ने कैलाश यात्रा से लौटे कुमाऊं मंडल विकास निगम के कर्मचारियों सुंदर गिरी, गौरव कुमार और प्रहलाद सिंह का भी माला पहनाकर स्वागत किया।इस दौरान यात्रा दल के समन्वयक धर्मानंद जोशी, आवास गृह डीडीहाट के प्रबंधक मनोज कुमार, बलवंत सिंह, बबलू, हर सिंह, ललित कुमार और गजेंद्र सिंह उपस्थित रहे। अंत में जनसंपर्क अधिकारी सुनील गोयल ने सभी कर्मचारियों को कैलाश यात्रा से लाया गया पवित्र कैलाश जल वितरित किया।































