Home उत्तराखंड न्याय के देवता गोलज्यू के बाल रूप की कथा अब बड़े पर्दे...

न्याय के देवता गोलज्यू के बाल रूप की कथा अब बड़े पर्दे पर

1740

मुम्बई में हुआ पोस्टर अनावरण

‘बाला गोरिया’ गोलज्यू महाराज के बचपन की दिव्य कथा लेकर आ रहे हैं मनोज चन्दोला और नितिन तिवारी

मुंबई। देवभूमि उत्तराखंड के आराध्य और न्यायकारी देवता गोलज्यू महाराज के बाल रूप की प्रेरणादायक कथा अब फिल्म के रूप में दर्शकों के सामने आने जा रही है। इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट “बाला गोरिया” का भव्य डिजिटल पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम शनिवार को मुंबई में संपन्न हुआ। इस फिल्म के निर्माता मनोज चन्दोला और निर्देशक नितिन तिवारी हैं। पोस्टर लॉन्च में हिंदी सिनेमा के जाने-माने पहाड़ी कलाकार चंदन बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में हेमंत पांडेय, बृजेंद्र काला, करण शर्मा, कृष्णा बिष्ट सहित बॉलीवुड और पहाड़ से जुड़े कई कलाकारों ने शिरकत कर इस पहल को अपना आशीर्वाद दिया।

मुंबई में “बाला गोरिया” के पोस्टर लॉन्च के दौरान निर्माता मनोज चन्दोला, निर्देशक नितिन तिवारी और कलाकार चंदन बिष्ट, हेमंत पांडेय, बृजेंद्र काला व अन्य।

“बाला गोरिया” गोलज्यू देवता के बचपन, उनके संस्कारों और उन घटनाओं को दर्शाएगी जिन्होंने एक साधारण बालक को न्याय के प्रतीक और महान देवता के मार्ग पर अग्रसर किया। निर्माता मनोज चंदोला का कहना है कि यह फिल्म न केवल उत्तराखंड की लोक आस्था को बड़े मंच पर ले जाएगी, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपने इष्ट और कुलदेव से जोड़ने का काम करेगी। निर्देशक नितिन तिवारी ने बताया कि फिल्म में उत्तराखंड की संस्कृति, मान्यताओं और गोलज्यू की न्यायप्रियता को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कलाकारों ने “जय इष्ट देव, जय कुलदेव, जय बाला गोरिया” के जयकारों के साथ फिल्म की सफलता की कामना की। फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा जल्द की जाएगी।