आर्मी हेलीपैड पर सफल परीक्षण, उड़ा रवि का प्रोटाइप

अल्मोड़ा। पहाड़ के युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने देश का पहला पर्सनल इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल तैयार कर लिया है। धौलादेवी विकासखंड के काफलीखान निवासी रवि ने इसे “हिपडा स्काईनेक्स फ्लाइंग व्हीकल” नाम दिया है। रवि ने बताया कि अल्मोड़ा के आर्मी हेलीपैड पर इस प्रोटोटाइप का सफल उड़ान परीक्षण किया गया। इसे बनाने में उन्हें कई साल लगे। यह पूरी तरह बैटरी से चलता है और इसका उद्देश्य भविष्य में व्यक्तिगत हवाई परिवहन का सुरक्षित विकल्प देना है।

विशेषज्ञों के अनुसार यह तकनीक पहाड़ी और दूरस्थ इलाकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। आपात स्थिति में दुर्गम क्षेत्रों तक तेजी से पहुंचने में भी यह मददगार होगा। रवि इससे पहले वन विभाग के लिए अग्निशमन उपकरण और दिव्यांगों के लिए विशेष छड़ी भी बना चुके हैं। उनका लक्ष्य भारत में सुरक्षित और व्यावहारिक हवाई परिवहन तकनीक विकसित करना है। प्रोटाइप परीक्षण के बाद अब परियोजना को अगले चरण में ले जाने की तैयारी चल रही है।































