Home उत्तराखंड राजकीय इंटर कॉलेज के पास मोबाइल टावर निर्माण पर विरोध, प्रधान को...

राजकीय इंटर कॉलेज के पास मोबाइल टावर निर्माण पर विरोध, प्रधान को सौंपा ज्ञापन

751

हल्दूचौड़ (लालकुआं)। ग्राम सभा जग्गी बंगर के वार्ड संख्या 3 में राजकीय इंटर कॉलेज, हल्दूचौड़ के समीप बनाए जा रहे मोबाइल टावर का स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। आरटीआई कार्यकर्ता जसबीर उत्तराखंडी ने इस संबंध में ग्राम प्रधान निर्मला जंगी पवार को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि विद्यालय के निकट टावर निर्माण कार्य से स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों में चिंता बनी हुई है। विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिदिन शिक्षा ग्रहण करने आते हैं, ऐसे में टावर से स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर आशंकाएं उत्पन्न हो रही हैं।

ज्ञापन में मांग की गई है कि मोबाइल टावर की स्थापना के संबंध में लागू सरकारी नियमों, निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रावधानों का पालन किया जाए। जांच पूर्ण होने तथा सभी आवश्यक नियमों की पुष्टि होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए और जनहित व विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टावर को विद्यालय से उचित दूरी पर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित कराया जाए। ज्ञापन की प्रति पर ग्राम प्रधान निर्मला जंगी पवार के हस्ताक्षर भी हैं। शिकायतकर्ता जसबीर उत्तराखंडी, निवासी गायत्री कॉलोनी, जग्गी बंगर ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।