नैनीताल। शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज, नैनीताल में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वच्छता और नैतिक मूल्यों के स्लोगन के साथ जनजागरूकता का संदेश दिया। इसके बाद प्रधानाचार्य गौरीशंकर कांडपाल एवं शिक्षकों ने गांधी और शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।

विद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत प्रधानाचार्य के नेतृत्व में परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें सभी छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़ी तारा आर्य ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों…’ गीत गाकर माहौल को देशभक्तिमय बना दिया।वरिष्ठ शिक्षक ज्ञानेश्वर पांडे और भवानी चंद आर्य ने छात्रों को गांधी और शास्त्री जी के जीवन से प्रेरणा लेकर सादगी और अनुशासन अपनाने की बात कही।

प्रधानाचार्य गौरीशंकर कांडपाल ने अपने संबोधन में छात्रों से महापुरुषों के किसी एक गुण को जीवन में नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।































