Home उत्तराखंड राहुल गांधी ने अल्मोड़ा में वीडियो कॉन्फ्रेंस से किया जनसभा को संबोधित

राहुल गांधी ने अल्मोड़ा में वीडियो कॉन्फ्रेंस से किया जनसभा को संबोधित

1824
Oplus_131072

अल्मोड़ा । कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निर्धारित अल्मोड़ा दौरा बुधवार को खराब मौसम के कारण रद्द हो गया। कार्यक्रम के अनुसार उन्हें आज अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन मौसम की खराबी के चलते वह मौके पर नहीं पहुंच सके।

आयोजकों ने बताया कि राहुल गांधी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभा को संबोधित किया। सभा में पूर्व सैनिक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

वीडियो संबोधन में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही सबसे पहले अग्निवीर योजना को खत्म किया जाएगा और पूर्व की भांति सैनिक भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि “जो सैनिक देश के लिए अपना सर्वस्व निछावर करते हैं, उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है,”।

राहुल गांधी ने GST, नोटबंदी और केरोसिन सब्सिडी में कटौती को व्यापारियों और आम जनता के लिए नुकसानदेह बताया। उन्होंने भारत-अमेरिका के “Mission 500” व्यापार समझौते पर भी सवाल उठाए। कहा कि 2030 तक $500 अरब द्विपक्षीय व्यापार के लक्ष्य के तहत भारत अगले पांच साल में अमेरिका से करीब $500 अरब का सामान खरीदने की योजना बना रहा है, जिसमें ऊर्जा, विमान और क्रिटिकल मिनरल शामिल हैं। इसे उन्होंने “देश के व्यापार को बाहरी देशों के हवाले करना” करार दिया। उन्होंने US SEC द्वारा नवंबर 2024 में गौतम अडानी और सागर अडानी पर $265 मिलियन रिश्वत और निवेशकों को गलत जानकारी देने का दायर किए गए सिविल केस का भी जिक्र किया।

“ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर युद्ध विराम लगाया, जिसे वह सैनिकों का अपमान मानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केरोसिन भी उन्हीं देशों से खरीद रही है, जहां से अमेरिका खरीदने को कह रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत का डिजिटल हेल्थ मिशन डेटा को देश में रखने पर जोर देता है, लेकिन मोदी सरकार ने उसे भी अमेरिका को दे दिया है।

सभा के अंत में राहुल गांधी ने कहा कि वह जल्द ही अल्मोड़ा का दौरा करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने खराब मौसम के कारण राहुल के न पहुंच पाने पर खेद जताया और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा की।