पिथौरागढ़ रामलीला मैदान में यूकेडी की विशाल रैली, राष्ट्रीय दलों पर साधा निशाना
पिथौरागढ़। रामलीला मैदान में हुई यूकेडी की विशाल रैली में पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने राष्ट्रीय दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘गैरसैंण को गैर रखने वाले अब वोट मांगने आएंगे पहाड़’। ऐरी ने आरोप लगाया कि 25 साल में राष्ट्रीय दलों ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के नाम पर सिर्फ राजनीति की। पहाड़ की जनता से किए वादे पूरे नहीं हुए, उल्टा पलायन और बेरोजगारी बढ़ी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण का मकसद था पहाड़ का विकास, लेकिन हुआ दल का विकास।
“गैरसैंण को गैर रखने वाले अब वोट मांगने आएंगे पहाड़, पर पहाड़ अब जवाब देगा – काशी सिंह ऐरी, वरिष्ठ नेता यूकेडी”
उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने सोमवार को रामलीला मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया। रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ यूकेडी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

वरिष्ठ यूकेडी नेता और पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य जिस उद्देश्य से बना था, विकास उसके विपरीत हुआ है। उन्होंने कहा कि यूकेडी ने पहाड़ी जिलों के विकास और दूरदराज के गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार व स्वरोजगार पहुंचाने के लिए संघर्ष किया है।
युवा यूकेडी नेता आशीष नेगी ने कहा कि आज पार्टी मूल निवास और स्थायी राजधानी की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते 25 वर्षों में राष्ट्रीय दलों ने पहाड़ के लोगों को केवल छला है और रोजगार को स्थानीय लोगों के अधिकार क्षेत्र से बाहर कर दिया है।
पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय दल 25 साल में भी ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं देने में असफल रहे हैं। युवा नेता सीए वरूण चन्दोला ने कहा कि राज्य बनने के बाद राष्ट्रीय दलों ने प्रदेश के विकास से ज्यादा अपने दल के विकास पर ध्यान दिया। श्री चन्दोला ने कहा कि इसी वजह से पहाड़ के लोग करोड़ों की संपत्ति छोड़कर मैदान में बसने को मजबूर हैं। मूलभूत जरूरतें पूरी न होने से पलायन स्वाभाविक है। गैरसैंण आज भी राष्ट्रीय दलों की नजर में गैर बना हुआ है। बाहर के ठेकेदार सड़कों का निर्माण कर रहे हैं, जबकि स्थानीय ठेकेदार बेरोजगारी झेल रहे हैं। रैली में वक्ताओं ने एकजुट होकर पहाड़ के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।






























