देहरादून। शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में महेश नेगी, भुवनेश बिष्ट, संजय कोरंगा, मातवर भारती, विपिन भंडारी, प्रकाश चंद्र आदि प्रशिक्षित शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को अपनी विभिन्न मांगों से अवगत कराते हुए प्रत्येक विद्यालय में शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति की मांग उठाई। इस पर शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने नौनिहालों के हित और प्रशिक्षित बेरोजगारों के हित में जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति का मामला जल्द ही कैबिनेट में प्रस्तुत किया जाएगा।
गौरतलब है कि शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षित बेरोजगार नई शिक्षा नीति-2020 के तहत प्रत्येक विद्यालय में एक शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति के लिए लंबे समय से संघर्षरत हैं। संगठन का शिक्षा निदेशालय में 4 जून से अनिश्चितकालीन धरना और 19 जून से क्रमिक अनशन जारी है। शुक्रवार को धरने का 114वां और क्रमिक अनशन का 99वां दिन है। संगठन ने कहा कि जब तक मामला कैबिनेट में नहीं आता, शासनादेश जारी नहीं होता और नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशिक्षित बेरोजगारों की 4 प्रमुख मांगें –
1. नई शिक्षा नीति-2020 के तहत प्रदेश के प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक प्रत्येक विद्यालय में एक शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
2. उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति से संबंधित फाइल संख्या 77006 को शीघ्र कैबिनेट से मंजूरी दिलाकर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
3. राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेजों में नई शिक्षा नीति के अनुरूप शारीरिक शिक्षा के व्यायाम प्रवक्ता (Lecturer) के पद सृजित किए जाएं।
4. वर्ष 2006 से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे प्रशिक्षित बेरोजगारों को भर्ती में आयु सीमा में छूट प्रदान की जाए।
































