Home उत्तराखंड हल्द्वानी में PWD दफ्तर पर हंगामा

हल्द्वानी में PWD दफ्तर पर हंगामा

309

बदहाल सड़कों को लेकर अधिशासी अभियंता का घेराव
10 दिन में काम शुरू न होने पर तालाबंदी की चेतावनी, गड्ढों से हादसा हुआ तो होगी FIR

हल्द्वानी। शहर की बदहाल सड़कों को लेकर मंगलवार को पार्षद रोहित कुमार के नेतृत्व में भीम आर्मी पदाधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। पार्षद रोहित कुमार ने कहा कि मछली बाजार, बनभूलपुरा, इंद्रानगर, राजपुरा, दमुवाढूंगा, बरेली रोड, रामपुर रोड सहित कई क्षेत्रों की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। रोहित कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट आदेश था कि 15 अक्टूबर तक पूरे उत्तराखंड की सड़कों का निर्माण पूरा किया जाए। लेकिन PWD विभाग मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन नहीं कर रहा है। 15 अक्टूबर तक काम पूरा होना था, मगर 21 अक्टूबर तक काम शुरू तक नहीं हुआ, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो संवैधानिक तरीके से PWD कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। अगर सड़कों के गड्ढों के कारण कोई दुर्घटना होती है तो PWD विभाग के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाएगी।

भीम आर्मी जिलाध्यक्ष नफीस अहमद खान ने कहा कि विभाग कछुए की चाल से भी धीमा काम कर रहा है। अतिशीघ्र कार्य शुरू कर जल्द से जल्द समाप्त किया जाए, अन्यथा ठेकेदार और विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी PWD विभाग की होगी। इस पर अधिशासी अभियंता ने 1 नवंबर से पहले सभी सड़कों का कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया। घेराव कार्यक्रम में पार्षद रोहित कुमार, भीम आर्मी जिलाध्यक्ष नफीस अहमद खान, प्रदेश महासचिव सिराज अहमद, जिला उपाध्यक्ष सखावत हुसैन, नगर महासचिव आफताब आलम, कुमाऊं मंडल महासचिव नवीन मूलनिवासी, विधानसभा अध्यक्ष अनवर अंसारी, सोनू कटयार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।