कालापानी-गुंजी के लिए दिए पौधे
पिथौरागढ़ । पर्यटक आवास गृह पिथौरागढ़ में शुक्रवार को पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के नवें दल का भव्य स्वागत किया गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों को हिमालय बचाओ अभियान की शपथ दिलाई। शपथ में यात्रियों से आग्रह किया गया कि वे उच्च हिमालय क्षेत्र में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी सामग्री का प्रयोग न करें और यात्रा मार्ग को कूड़ा मुक्त रखने में सहयोग करें।

752वें दिन का पौधारोपण अभियान
श्री गुरुरानी ने अपने पौधारोपण अभियान के 752वें दिन यात्रियों को इस मुहिम से जोड़ा। यात्रा के दौरान उच्च हिमालय क्षेत्र में स्थित कालापानी और गुंजी में पौधारोपण के लिए दल को पौधे भेंट किए गए। इस बार पहली बार KMVN के रसोइयों को भी इस अभियान में शामिल किया गया। रसोइयों को भी पौधारोपण हेतु पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। यात्रा दल के संपर्क अधिकारी राजेंद्र राठौर और पंकज उपाध्याय सहित सभी यात्रियों ने हिमालय बचाओ अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे न केवल उच्च हिमालय क्षेत्र में पौधारोपण करेंगे और सफाई में सहयोग देंगे, बल्कि यात्रा पूरी कर घर लौटने के बाद भी अपने घरों में पौधे लगाकर दूसरों को इसके लिए प्रेरित करेंगे।
दल में 48 यात्री शामिल
दिनेश गुरुरानी ने बताया कि इस दल में 36 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में दल के कोऑर्डिनेटर भगवान सिंह रावत, प्रबंधक उमेश पांडे, सुरेश कुमार, हरीश कुमार, गौरव पांडे, नरेंद्र थापा, वेद प्रकाश, सौरभ खोलिया, गोपाल बिष्ट, रचना, रजनी, दीपा, पदम सिंह और विजय उपस्थित रहे।हिमालय को स्वच्छ और हरित रखने के इस प्रयास को यात्रियों और KMVN कर्मियों ने एकजुट होकर सफल बनाने का संकल्प लिया।































