कल तक सड़कों पर जो तस्वीरें दिख रही थी, वह सिर्फ प्रदर्शन नहीं था। ये 7.5 करोड़ सपनों की चीख थी। “POWER OF PEOPLE IS STRONGER THAN PEOPLE IN POWER”, “NTA YOU NEED THIS”, “BYE BYE KUCHU-PUCHU” जैसे नो-फिल्टर पोस्टर हाथों में लिए युवा बता रहे थे कि अब सहनशीलता खत्म हो चुकी है।
12 साल, 116 पेपर लीक, 19 राज्य
पिछले 12 साल का आंकड़ा झकझोरता है। 2014 से 2024 के बीच 89 मामले और 21 केंद्रीय संस्थाओं से जुड़े 68 राज्य स्तरीय पेपर लीक सामने आए। 2019 से 2024 तक 65 पेपर लीक में 3 लाख सरकारी नौकरियों की भर्तियां अटकीं। सबसे ज्यादा निशाने पर शिक्षक और पुलिस भर्ती रही। जब NEET, SSC, पुलिस, शिक्षक भर्ती से लेकर बोर्ड तक कुछ भी सुरक्षित नहीं, तो साफ है, यह एक-दो राज्य की समस्या नहीं, यह एक संगठित ‘पेपर माफिया’ का राष्ट्रीय नेटवर्क है।
कौन पिस रहा है?
इस माफिया ने सबसे मेहनती तबके को निशाना बनाया है। जिसके पास कोचिंग के लाखों नहीं, जिसके पास ‘जुगाड़’ नहीं, वही छात्र बार-बार ठगा जा रहा है। प्रदीप, आकांक्षा, अर्चिता जैसे नाम अब सिर्फ खबर नहीं रहे। वे उन लाखों घरों का चेहरा हैं जहाँ माँ-बाप ने कर्ज लेकर किताबें खरीदीं और बच्चों ने रातें जागकर पढ़ाई की। प्रदर्शन में दिखी युवाओं की ऊर्जा बताती है कि वे अब दया नहीं, जवाब चाहते हैं। “टेक क्रांति” से लेकर “जमीनी मशीनरी” तक, युवा खुद को संगठित कर रहे हैं। सरकारें बदलती हैं, पर सिस्टम वही रहता है।
अब रास्ता क्या है?
- कड़ी सजा और संपत्ति जब्ती: पेपर लीक को ‘आर्थिक आतंकवाद’ की श्रेणी में डालकर माफिया की पूरी संपत्ति जब्त हो। सजा इतनी कठोर हो कि कोई दोबारा सोच भी न सके।
- एक सुरक्षित परीक्षा तंत्र: सभी भर्ती एजेंसियों की टेक्नोलॉजी, वेंडर और सुरक्षा प्रोटोकॉल की स्वतंत्र जांच हो। परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र छपने की प्रक्रिया खत्म कर डिजिटल-एन्क्रिप्टेड सिस्टम लाना हो।
- पीड़ितों को न्याय: जो 7.5 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए, उनके लिए फ्री री-एग्जाम, आयु सीमा में छूट और मुआवजे का प्रावधान बने।
- राजनीति से ऊपर उठें: इसे चुनावी मुद्दा नहीं, राष्ट्रीय आपदा की तरह लें। आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर सभी दल मिलकर कानून और व्यवस्था में सुधार करें।
आज के युवा ने पोस्टरों से अपनी बात रख दी। अब गेंद सरकार, न्यायपालिका और समाज के पाले में है। अगर इस बार भी हमने आंखें मूंद लीं, तो अगली पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी।
क्योंकि जब परीक्षा का पेपर ही बिकता हो, तो देश का भविष्य कौड़ियों के भाव नीलाम हो जाता है।































