मां को बचाने की जद्दोजहद में लहूलुहान हुई सविता
हल्दूचौड़। मंगलवार की सुबह थी। तेजपुर नेगी में प्रकाश ड्राइवर की पत्नी सविता देवी रोज की तरह ट्यूबवेल की तरफ गई थीं। अचानक झाड़ियों से निकले जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार के बीच सविता ने हिम्मत नहीं हारी। जान बचाने के लिए उस दरिंदे से भिड़ गईं।
खून से लथपथ हालत में किसी तरह खुद को छुड़ाकर घर पहुंचीं। परिजन उन्हें तुरंत हल्द्वानी के शोबन सिंह जीना अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। हमले में शरीर का काफी हिस्सा बुरी तरह जख्मी हो गया है।
बुधवार को जब इस खबर की जानकारी वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला को मिली तो वह तुरंत अस्पताल पहुंचे। बिस्तर पर दर्द से कराह रही सविता देवी का हाथ थामकर उन्होंने कहा “बहन, तुम अकेली नहीं हो। इस घड़ी में पूरा समाज तुम्हारे साथ है।”
कमलेश चंदोला ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी दी और कहा कि इलाज में एक रुपये की भी कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों से अपील की कि आगे आकर इस परिवार का सहारा बनें।
सविता के घर की आर्थिक स्थिति पहले से कमजोर है। पति प्रकाश ड्राइवरी कर परिवार पालते हैं। ऐसे में गांव के लोगों ने भी मदद की गुहार लगाई है।
सहायता के लिए संपर्क: प्रकाश ड्राइवर – 70551 40724
वहीं कमलेश चंदोला ने कहा कि “जंगल और जानवर का डर हर दिन बढ़ रहा है। प्रशासन को तेजपुर नेगी क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए, ताकि कोई और मां-बहन इस तरह की त्रासदी न झेले।”































