दिनेश गुरुरानी ने 721वें दिन चलाया पौधारोपण अभियान, 49 यात्रियों को दिए पौधे
कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल के 49 यात्रियों को मंगलवार को पर्यटक आवास गृह धारचूला में पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। शपथ कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने ‘हिमालय बचाओ अभियान’ के तहत दिलाई। श्री गुरूरानी ने यात्रियों से उच्च हिमालय क्षेत्र में यात्रा के दौरान पॉलीथिन, प्लास्टिक और पर्यावरण को प्रदूषित करने वाली किसी भी सामग्री का प्रयोग न करने का संकल्प कराया। साथ ही यात्रियों ने हिमालय को कूड़ा मुक्त रखने के लिए मार्ग में पड़े कचरे को एकत्र कर धारचूला लाकर उसका निस्तारण करने की भी शपथ ली।
कार्यक्रम में दिनेश गुरुरानी द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान का 721वां दिन भी मनाया गया। इस अवसर पर उन्होंने यात्रियों को उच्च हिमालय क्षेत्र में स्थित कालापानी और गुंजी में रोपण के लिए पौधे भेंट किए। यात्रियों ने इस मुहिम का स्वागत करते हुए कहा कि वे यात्रा के दौरान पौधारोपण और स्वच्छता कार्यक्रम चलाएंगे। यात्रा पूरी होने के बाद अपने-अपने घरों पर भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देंगे। इस दौरान कुमाऊं मंडल विकास निगम के कर्मचारियों के अलावा उप जिलाधिकारी धारचूला, यात्रा अधिकारी धन सिंह, रमेश बिष्ट, दीपक, चंदन बिष्ट, समन्वयक भूपेंद्र सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता दीपचंद जोशी और गौरव पांडे उपस्थित रहे।






























