हल्द्वानी ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रकों से बैटरी, कॉपर वायरिंग और डीजल चोरी, ट्रांसपोर्टरों में आक्रोश
हल्द्वानी । यातायात नगर ट्रांसपोर्ट नगर, हल्द्वानी में खड़े ट्रकों से बैटरी, कॉपर के तार और डीजल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों में भारी आक्रोश है।उत्तराखण्ड देवभूमि ट्रक ऑनर्स महासंघ पंजी. 446 के अध्यक्ष राकेश जोशी ने बताया कि पिछले कुछ समय से ट्रांसपोर्ट नगर में संगठित तौर पर चोरी की वारदातें हो रही हैं। चोर रात के अंधेरे में वाहनों की बैटरियां और कीमती वायरिंग काटकर ले जा रहे हैं, जिससे प्रति वाहन स्वामी को 15 से 20 हजार रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। महासंघ प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि नशे के आदी युवकों द्वारा ये चोरियां की जा रही हैं। ट्रांसपोर्ट नगर में स्ट्रीट लाइट और यातायात नगर परियोजना के सीसीटीवी कैमरे खराब होने से चोरों के हौसले और बुलंद हैं।
बीती रात 5 ट्रकों को बनाया निशाना
महासंघ के अनुसार बीती रात चोरों ने 5 वाहनों को निशाना बनाया। हेमंत रौतेला के वाहन संख्या UK04CA-8504 और ललित पाठक के वाहन संख्या UK04CA-5013, UK04CA-4725, UK04CA-6012 एवं UK04CC-0107 से बैटरी व तार चोरी कर लिए गए। घटना की सूचना एसपी सिटी हल्द्वानी एवं ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी मनोज को फोन पर दी गई है। साथ ही चौकी इंचार्ज, ट्रांसपोर्ट नगर को लिखित तहरीर देकर चोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। महासंघ ने यातायात नगर अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष / सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एवं पुलिस प्रशासन से मांग की है कि यातायात नगर में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जाए और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल ठीक कर सक्रिय किया जाए।
महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ट्रांसपोर्टर आंदोलन को बाध्य होंगे। मांग करने वालों में अध्यक्ष राकेश जोशी, ललित पाठक, जसपाल सिंह कोहली, रोहित रौतेला, करन मनराल, भास्कर जोशी, नीरज नेगी, दया किशन शर्मा, जय उप्रेती, हरजीत सिंह चड्ढा, नवीन उप्रेती, उमेश चंद्र पांडे, हरपाल सिंह आदि शामिल रहे।































