धोबी घाट पर सैकड़ों लोगों का हस्ताक्षर अभियान, विधायक बोले- नशा अभिशाप है
हल्द्वानी। राजपुरा में नशे के बढ़ते कारोबार और युवाओं में फैलती लत के खिलाफ जनता का गुस्सा फूट पड़ा। धोबी घाट चौराहे पर सैकड़ों लोगों ने एकजुट होकर हस्ताक्षर अभियान चलाया और पुलिस-प्रशासन से तस्करों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश ने अभियान में शामिल होकर कहा, “नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए अभिशाप है। इसके खिलाफ जनजागरण और सामाजिक भागीदारी जरूरी है।”

कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट और पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू ने आरोप लगाया कि नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं और पहले कई बार प्रदर्शन के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी, “जल्द ही उग्र आंदोलन होगा।” अभियान में एडवोकेट गोविंद बिष्ट, पार्षद धर्मवीर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित कुमार, त्रिलोक बनौली, विजेन्द्र चौहान, राजो टंडन, शशी आर्य समेत सैकड़ों स्थानीय लोग और राजपुरा पुलिस के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने संकल्प लिया कि राजपुरा को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जाएगा और अवैध कारोबार पर रोक के लिए प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा।































