खलझूनी मोटर मार्ग पर हादसे का खतरा
कपकोट, बागेश्वर। विगत दिनों हुई भारी बरसात और आपदा से सरयू घाटी क्षेत्र के सड़क मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। खलझूनी मोटर मार्ग में सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से यातायात के लिए खतरा बना हुआ है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने दयाल दयाराकोटी, ग्राम प्रधान भूपेंद्र कोरंगा, प्रमोद जोशी, गोबिंद सिंह टाकुली, दुर्गा दयाराकोटी, प्रताप सिंह, हयात सिंह, खीम सिंह, रमेश राम, कुंदन गोस्वामी आदि ग्रामीणों के साथ क्षतिग्रस्त मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थिति से जिला प्रशासन और संबंधित विभाग को अवगत कराया।

पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि कपकोट विधानसभा क्षेत्र में बरसात के कारण कई संपर्क मार्ग टूट गए हैं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जगह-जगह सड़क धंस रही है और दीवारें टूट रही हैं। रेता-बजरी तक में बजट का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र सड़कों की मरम्मत और खलझूनी मोटर मार्ग की दीवार के पुनर्निर्माण की मांग की है ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।































