Home Uncategorized हर घर पहुंची यूकेडी, कपकोट में बढ़ी राष्ट्रीय दलों की बेचैनी

हर घर पहुंची यूकेडी, कपकोट में बढ़ी राष्ट्रीय दलों की बेचैनी

2345

कपकोट/बागेश्वर। विधानसभा चुनाव से पहले कपकोट विधानसभा क्षेत्र में यूकेडी की बढ़ती सक्रियता ने राष्ट्रीय दलों की बेचैनी बढ़ा दी है। पार्टी का दावा है कि “हर घर यूकेडी” अभियान के तहत कार्यकर्ता गांव-गली तक पहुंच रहे हैं और लोग खुद पार्टी से जुड़ने को आगे आ रहे हैं। वहीं यूकेडी नेता सीए वरुण चन्दोला इन दिनों क्षेत्र का लगातार भ्रमण कर रहे हैं। पार्टी का फोकस युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के अधिकारों की लड़ाई पर है। हाल ही में यूकेडी द्वारा आयोजित पोखरी फेस्टिवल में हजारों लोगों की भागीदारी हुई। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने यूकेडी का दामन थामा है।

सीए वरुण चन्दोला ने आरोप लगाया कि पिछले 25 वर्षों में राष्ट्रीय दलों ने न केवल जनता को छला है, बल्कि कपकोट के विकास में भी रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने कहा, कपकोट की खड़िया विदेशों तक जा रही है, लेकिन इसी खड़िया आधारित फैक्ट्री आज तक इस क्षेत्र में किसी विधायक ने यहां नहीं लगवाई। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ा। चन्दोला ने शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति को भी दयनीय बताया। जिले का अस्पताल महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। उन्होंने बताया कि प्रसव के दौरान महिलाओं की दिक्कतों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया। महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझा गया, उनके लिए सुविधा नहीं बनाई गई।

वहीं यूकेडी के बड़े नेताओं ने भी कहा कि वरुण चन्दोला के नेतृत्व में हो रहे क्षेत्र भ्रमण में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी दिख रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जमीनी मुद्दों पर यूकेडी सीधे बात कर रही है, जिससे पार्टी के प्रति भरोसा बढ़ रहा है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि कपकोट विधानसभा क्षेत्र का दौरा लगातार जारी रहेगा और हर वर्ग के लोग स्वेच्छा से यूकेडी से जुड़ रहे हैं, इस समय यूकेडी ने कपकोट विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह क्षेत्रीय कार्यालय भी खोल दिये है।