वाह रे सरकार
नंदा की चौकी पुल का हिस्सा ढहा, आवागमन बाधित, जांच की मांग
देहरादून। भारी बारिश के कारण देहरादून के नंदा की चौकी स्थित प्रेमनगर पुल का एक हिस्सा सोमवार को धंस गया। पुल के बीचों-बीच करीब 10-12 फीट का गड्ढा बन जाने से इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पुल की सड़क का बड़ा हिस्सा अंदर की ओर बैठ गया है। मौके पर जेसीबी और प्रशासन की टीम राहत कार्य में जुटी है। रेनकोट पहने कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ पुल के पास जमा है।
स्थानीय लोगों ने पुल की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। बहरहाल 16 करोड़ की लागत से बना नंदा की चौकी प्रेमनगर पुल का पुस्ता टूट गया? पुल के नीचे कंक्रीट तो भर लेते! बहा नहीं धंस गया? आखिर क्या पुल के नीचे खाली था?” अभी तक लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है। सूत्रों के अनुसार बारिश के कारण मिट्टी के कटाव से यह हादसा हुआ है। पुल को अस्थायी रूप से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है और वैकल्पिक मार्ग से यातायात डायवर्ट किया जा रहा है। प्रेमनगर से नंदा की चौकी जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम और असुविधा उत्पन्न हो गयी है। गड्ढे के कारण कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, समय रहते रास्ता बंद किया गया।
इतनी बड़ी लागत के बाद पुल के निर्माण और रखरखाव को लेकर विभाग की जवाबदेही तय करने की मांग लोगों ने की। बहरहाल लोक निर्माण विभाग से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और जांच रिपोर्ट का इंतजार है, साथ ही सरकार के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर की जानी वाली जांच के साथ ही उसकी साख भी संदेह के घेरे में है। फिलहाल जिलाधिकारी द्वारा मोर्चा सम्भाल लिया गया है और उक्त गड्ढे का भरान कार्य शुरू कर दिया गया है।





























